भीषण गर्मी और हीट वेव से जनजीवन प्रभावित, तापमान 40–42 डिग्री के पार, राहत के आसार नहीं

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी और हीट वेव से जनजीवन प्रभावित, तापमान 40–42 डिग्री के पार, राहत के आसार नहीं


भीषण गर्मी और हीट वेव से जनजीवन प्रभावित, तापमान 40–42 डिग्री के पार, राहत के आसार नहीं


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में अप्रैल माह के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और सक्रिय हीट वेव ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतम तापमान लगातार 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं।

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भी सुबह और शाम के समय ही हल्की चहल-पहल नजर आ रही है, जबकि दिन के समय भीषण गर्मी के कारण सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। बिजली की खपत भी बढ़ गई है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव देखा जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में हीट वेव की स्थिति लगातार मजबूत बनी हुई है। दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को ढककर रखें। उन्होंने कहा कि सावधानी ही इस समय सबसे बड़ा बचाव है।

कमलापत मेमोरियल हॉस्पिटल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम श्रीवास्तव ने बताया कि इस मौसम में आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। तेज धूप, धूल और परागकणों के कारण आंखों में जलन, खुजली, सूखापन और एलर्जी के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एयर कंडीशनर के अधिक उपयोग से भी आंखों की नमी कम हो रही है। ऐसे में सनग्लासेस का प्रयोग करें, आंखों को साफ पानी से धोते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि लोग सावधानी नहीं बरतते हैं तो हीट स्ट्रोक, लो ब्लड प्रेशर और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष निगरानी में रखने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story