लखनऊ में आग से जलकर कई झुग्गी झोपड़ियां जली, आग बुझाने में जुटे दमकल कर्मी
लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम को झुग्गी झोपड़ियों में संदिग्ध हालात में आग लग गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग को बुझाने में जुट गई है। यहां के रहने वालों ने आरोप लगाया है कि आग लगाई गई, जिससे उनकी गृहस्थी जलकर खाक हो गई।
विकास नगर थाना क्षेत्र के विकासनगर सेक्टर-14 में कई परिवार झुग्गी झोपड़ी बनाकर रहते हैं। बुधवार को इन झुग्गी झोपड़ियों में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि एक के बाद एक कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, कई गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट होने की वजह से आग भयावह हो गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और काले धुएं ने दूर-दूर तक इलाके को घेर लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और छह से अधिक फायर ब्रिगेड गाड़िया माैके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और कहा कि उनकी झुग्गी झोपड़ी खाली कराने के उदृेश्य से आग लगाई गई हैं। जिम्मेदार अधिकारियाें का कहना है आग बुझाना उनकी पहली प्राथमिकता है। राहत-बचाव कार्य जारी है और आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा ।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

