कानपुर में मकान का छज्जा गिरने से सात लोग घायल, महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में मकान का छज्जा गिरने से सात लोग घायल, महिला की मौत


कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारीपुर बगिया में मंगलवार रात एयरफोर्स से सेवानिवृत्त अधिकारी के अंतिम दर्शन के लिए जुटे लोगों पर पड़ोसी मकान का छज्जा गिर गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल महिला की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई।

तिवारीपुर बगिया निवासी ए.के. सिंह की कैंसर से मौत हो गई थी। बीती रात सर्वोदय नगर स्थित निजी अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए उनका शव घर लाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे। इसी दौरान पड़ोसी मकान का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से वहां मौजूद लोग घायल हो गए।

छज्जा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। सावित्री (50) की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। उनके पति हरिशंकर पाल पिछले 10 साल से पैरालिसिस से पीड़ित हैं। वह जेके चौराहे पर सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे में सुनीता यादव, खुशबू यादव, नितेश यादव, निधि यादव, आयुषी और दो साल की इशिका भी घायल हुई हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768015 Articles

Share this story