वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा कर जाट महिला संगठन ने दिया सम्मान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा कर जाट महिला संगठन ने दिया सम्मान का संदेश


ममता चौधरी ने साधना चौधरी को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता, चंचल चौधरी को मिली हापुड़ जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

मुरादाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय संयुक्त मोर्चा जाट महिला संगठन की ओर से रविवार को बुद्धि विहार स्थित वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगठन की पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुजुर्गों को भोजन कराया, उनके साथ समय बिताया और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान बुजुर्गों के सम्मान और सेवा का संकल्प लेते हुए समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी ने साधना चौधरी को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया, जबकि चंचल चौधरी को हापुड़ जिले की जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। संगठन की पदाधिकारियों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पक्ष में पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ जरूरतमंदों को भोजन कराना और बुजुर्गों की सेवा करना भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मुरादाबाद की जिलाध्यक्ष अनु सिंह मान ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों और मानवीय संवेदनाओं की पहचान है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम और अपनत्व का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाना है।

कार्यक्रम में ऊषा चौधरी, सीमा सिंह, संगीता लिट्ट, संगीता पैसल, नीरज पैसल, सरिता चौधरी, गीता चौधरी सहित संगठन की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। सभी ने बुजुर्गों की सेवा कर सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story