वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह पंचतत्व में विलीन, अंतिम यात्रा में पहुंचे शहर के प्रतिष्ठित जन
लखनऊ, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह का शुक्रवार देर रात को हृदयघात से केजीएमयू के लॉरी कार्डियोलॉजी अस्पताल में निधन हो गया। शनिवार को भैंसाकुंड घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ। गोमती किनारे स्थित घाट पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा नेता नीरज सिंह, विधायक योगेश शुक्ला समेत कई अन्य नेता, कई पत्रकार, व्यापारी नेता, पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
उनके निधन पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रशाद माैर्य समेत अन्य नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। हमारी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को अथाह दुख सहने का साहस प्रदान करें।
मूलरूप से सीतापुर जिले के रहने वाले विधि सिंह अपने पीछे पत्नी और बेटी के अलावा दो भाईयों को छोड़ गए हैं। उनके पिता शिक्षक थे। परिवार का कहना है कि कुछ माह पहले उन्हें सीने में दर्द उठा तो लॉरी कार्डियोलॉजी में जांच करायी थी। डॉक्टरों ने दिल में ब्लॉकेज बताया था। एंजियोप्लास्टी कराने के बाद वह ठीक हो गये थे। बीती आधी रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन पर पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर पत्रकार और उनके जानने वाले लोग अपने—अपने स्तर से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

