जिन्होंने पीढ़ियां संवारीं, गोरखपुर करेगा उनका अभिनंदन

WhatsApp Channel Join Now
जिन्होंने पीढ़ियां संवारीं, गोरखपुर करेगा उनका अभिनंदन


अतिवरिष्ठ नागरिकों के जीवन की वास्तविक चुनौतियों पर होगा मंथन, विश्वविद्यालय के सर्वेक्षण के आधार पर भेजा जाएगा ज्ञापन

गोरखपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जिन पीढ़ियों ने अपने त्याग, तपस्या, संघर्ष और संस्कारों से परिवार, समाज तथा राष्ट्र की आधारशिला सुदृढ़ की, जिनके अनुभवों में समय का इतिहास और जिनके जीवन में पुरुषार्थ की अनगिनत गाथाएँ समाहित हैं, उनके प्रति सामूहिक कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से युवा चेतना समिति, गोरखपुर द्वारा रविवार को प्रातः 11 बजे शिप्रा लॉन, बबीना रोड में ‘पितामही–पितामह सम्मेलन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह–2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जीवन की लंबी यात्रा तय कर चुके वरिष्ठजनों का अभिनंदन करने के साथ उनकी वर्तमान परिस्थितियों, आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान पर गंभीर विचार-विमर्श होगा।

युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मान्धाता सिंह ने शनिवार काे बताया कि सम्मेलन में 80 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के पुरुष तथा 75 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु की महिला वरिष्ठजनों का गरिमामय सम्मान किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य उनके अभिनंदन के साथ उन अनुभवसिद्ध व्यक्तित्वों के योगदान को रेखांकित करना है, जिन्होंने अपनी साधना, श्रम और संघर्ष से अनेक पीढ़ियों का भविष्य सँवारा है। इसके माध्यम से समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने का प्रयास किया जाएगा।

सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण आकर्षण दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की प्रो. अनुभूति दुबे के निर्देशन में शोधार्थियों द्वारा अतिवरिष्ठ नागरिकों के बीच किए गए सर्वेक्षण की रिपोर्ट पर विशेष विमर्श होगा। इसमें बुजुर्गों की सामाजिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, मानसिक स्वास्थ्य, एकाकीपन, आर्थिक सुरक्षा तथा बदलते पारिवारिक संबंधों से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। सर्वेक्षण और सम्मेलन में सामने आने वाले सुझावों के आधार पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए ठोस नीतिगत पहल की मांग करते हुए प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।

वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक सामंजस्य और जीवन की अन्य आवश्यकताओं के संबंध में विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। इसके लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. रामदेव शुक्ल, मनोविज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. आदेश अग्रवाल, पद्मश्री सम्मानित कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामचेत चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक नारायण धर दुबे तथा प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. राहुल मोदी को आमंत्रित किया गया है। विशेषज्ञों के विचारों के माध्यम से वृद्धावस्था की व्यावहारिक चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रयास होगा।

समिति के अध्यक्ष मान्धाता सिंह ने कहा कि वरिष्ठजन किसी परिवार के केवल ज्येष्ठ सदस्य नहीं, बल्कि उसकी जीवंत स्मृतियाँ, सांस्कृतिक चेतना और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। आधुनिक जीवन की आपाधापी और बदलती पारिवारिक संरचनाओं के बीच यह आवश्यक हो गया है कि बुजुर्गों की भावनाओं, अपेक्षाओं तथा अधिकारों के प्रति समाज अधिक संवेदनशील बने। सम्मान का वास्तविक अर्थ केवल पुष्पमाला और प्रशस्तिपत्र प्रदान करना नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मनिर्भर, सम्मानजनक और आत्मीय जीवन का वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन पीढ़ियों के बीच संवाद का सेतु और वरिष्ठजनों के अधिकारों एवं गरिमा के संरक्षण की दिशा में सामाजिक चेतना जगाने का संकल्प है। आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया जाएगा कि वृद्धावस्था उपेक्षा या असहायता की अवस्था नहीं, बल्कि अनुभव, विवेक और जीवन-साधना के सम्मान का कालखंड है।

मान्धाता सिंह ने कहा कि जिन हाथों ने हमारा बचपन सँवारा, जिन कंधों ने हमारे भविष्य का भार उठाया और जिनकी तपस्या से हमारा वर्तमान आलोकित हुआ, उनकी जीवन-संध्या को सम्मान, सुरक्षा और आत्मीयता से परिपूर्ण बनाना ही सभ्य एवं संवेदनशील समाज की वास्तविक पहचान है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785065 Articles

Share this story