ग्रीन पार्क क्रिकेट स्टेडियम के उच्चीकरण की डीपीआर जल्द शासन को भेजें : सांसद
कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। ग्रीन पार्क स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित कर कानपुर को फिर से वैश्विक क्रिकेट मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई जाएगी। यह बातें गुरुवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने ग्रीन पार्क स्टेडियम के उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कहीं।
सांसद रमेश अवस्थी ने अपने आवास पर जिला प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रीन पार्क स्टेडियम के पुनर्विकास की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से स्वीकृत 350 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने कहा कि डीपीआर तैयार करते समय स्टेडियम की दर्शक क्षमता बढ़ाकर 50 हजार करने का प्रावधान किया जाए। साथ ही आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान भी मैदान कम समय में खेल योग्य बनाया जा सके और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन में कोई बाधा न आए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्टेडियम का विकास भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मानकों के अनुरूप किया जाए। खिलाड़ियों, दर्शकों और मीडिया के लिए आधुनिक सुविधाओं को भी परियोजना का हिस्सा बनाया जाए, जिससे भविष्य में सभी प्रारूपों के अंतरराष्ट्रीय मैचों का सफल आयोजन संभव हो सके।
सांसद ने परियोजना की नियमित निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि इससे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और तय समय सीमा में कार्य पूरा कराने में सुविधा मिलेगी।
बैठक में परियोजना के तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी, जिला खेल अधिकारी करमबीर, एचबीटीयू के प्रोफेसर डॉ. विकास यादव, अधिशासी अभियंता राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

