भारतीय संस्कृति के शाश्वत मूल्यों व राष्ट्र निर्माण पर होगी चर्चा
-भगवद्गीता ज्ञान विज्ञान महायज्ञ पर एमएनएनआईटी में संगोष्ठी 12 को
प्रयागराज, 11 जून (हि.स)। भारतीय संस्कृति के शाश्वत मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक चेतना की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे ‘भगवद्गीता ज्ञान विज्ञान महायज्ञ’ का आयोजन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सनातन एकता मिशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पाठक ने कहा कि कार्यक्रम में शिक्षा, अध्यात्म और राष्ट्र-निर्माण के अंतर्संबंधों पर गहन चिंतन-मनन होगा। अध्यात्म और बौद्धिक चेतना का संगम आयोजन समिति की ओर से संगोष्ठी में समाज और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के उत्तरदायित्वों को पुनरावलोकन करने का एक अद्वितीय मंच है। पुरुषोत्तम मास की पवित्रता और गीता के दिव्य ज्ञान के इस संगम में समाज के प्रबुद्ध वर्ग का जमावड़ा होगा।
मुख्य अतिथि प्रो. आरएन त्रिपाठी (बीएचयू) हैं, जबकि मुख्य वक्ता राम कृष्ण गोस्वामी अध्यक्ष, भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान दिल्ली हैं। विशिष्ट अतिथि अशोक कुमार पाठक अध्यक्ष, राष्ट्रीय सनातन एकता मिशन होंगे, जबकि अध्यक्षता प्रो. रवि प्रकाश तिवारी (निदेशक, एमएनएनआईटी प्रयागराज) करेंगे। आयोजन भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान, सनातन एकता मिशन, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, सिविल डिफेंस डिपार्टमेंट (प्रयागराज) और आईआईएचएमएफ की ओर से किया जा रहा है।
आयोजन के संयोजक प्रमोद कुमार द्विवेदी, संपर्क प्रमुख राकेश कुमार तिवारी और योजना प्रमुख सच्चिदानंद त्रिपाठी हैं। आयोजकों ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और शिक्षाविदों से इस बौद्धिक और आध्यात्मिक विमर्श में सम्मिलित होने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

