शब्द की शक्ति ही भारत की वैचारिक छवि को विश्व में दिला सकती है विजय : तरुण विजय
गोरखपुर, 02 मई (हि.स.)। ‘आद्य पत्रकार’ देवर्षि नारद जयंती के पावन अवसर पर विश्व संवाद केन्द्र, गोरखपुर द्वारा योगिराज बाबा गम्भीर नाथ प्रेक्षागृह में “वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य और भारतीय पत्रकारिता” विषयक एक भव्य संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात पत्रकार एवं पूर्व संपादक पाञ्चजन्य तरुण विजय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने प्रभावशाली उद्बोधन में तरुण विजय ने कहा कि “शब्द की शक्ति ही भारत की वैचारिक छवि को विश्व में विजय दिला सकती है।” उन्होंने भारतीय पत्रकारिता को साहस, सत्य और राष्ट्रचेतना का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज का समय वैचारिक संघर्ष का है, जिसमें पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में ‘स्मृति-जागरण’ की आवश्यकता है, ताकि इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सही रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने पाश्चात्य प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता के साथ-साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तथ्यों को सही परिप्रेक्ष्य में समाज के सामने लाना पत्रकारों का कर्तव्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गीताप्रेस, गोरखपुर के मुख्य न्यासी देवी दयाल अग्रवाल ने की। प्रस्तावना विश्व संवाद केन्द्र के अध्यक्ष प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने रखी। कार्यक्रम का संचालन चन्द्रमणि ओझा ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महेश जी द्वारा एकल गीत की प्रस्तुति ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, प्रांत प्रचार प्रमुख सुशील, डॉक्टर अमित सिंह श्रीनेत सहित अनेक गणमान्य बुद्धिजीवी, शिक्षाविद् एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पत्रकारों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. राकेश राय (दैनिक जागरण), अभिमन्यु चौधरी (हिन्दुस्तान), डॉ. केशव कुमार श्रीवास्तव (स्वतंत्र चेतना), मृत्युंजय शंकर सिन्हा, प्रेम पराया, राजीव पाण्डेय, प्रदीप कुमार तिवारी (टीवी9), अहमद अली, अजीत सिंह, गुणानन्द ध्यानी, गणेश पाण्डेय (दैनिक भास्कर), पवन (एएनआई), अरुण, मनीष तिवारी, अभिषेक श्रीवास्तव, गजेन्द्र त्रिपाठी, आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिकारी मनीष द्विवेदी, आरजे सोनी पाठक (एफएम तड़का), प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार द्विवेदी एवं अंकित शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों को रेखांकित करते हुए हुआ। संगोष्ठी ने यह संदेश दिया कि भारतीय पत्रकारिता को सत्य, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

