सीएसजेएमयू में कड़ी सुरक्षा के बीच सम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू, 40 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
कानपुर, 02 मई (हि.स.)। सीएसजेएमयू कैंपस में सम सेमेस्टर परीक्षाओं के पहले दिन कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी के बीच परीक्षाएं शुरू हुईं, जिसमें दोनों पालियों में कुल 40 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में दूसरे सेमेस्टर के 106 पेपर में 5104 और दूसरी पाली में छठे सेमेस्टर के 31 पेपर में 1814 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सघन चेकिंग और निगरानी की व्यवस्था की गई। यह बातें शनिवार को परीक्षा नियंत्रक डॉ बी पी सिंह ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कैंपस में शनिवार से सम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। पहले दिन उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार पहले दिन कुल छह हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 40 छात्र-छात्राओं ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में दूसरे सेमेस्टर के 106 पेपर आयोजित किए गए, जिसमें 5104 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। दूसरी पाली में छठे सेमेस्टर के 31 पेपर में 1814 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात रहे और डीन एकेडमिक, परीक्षा प्रभारी व वरिष्ठ प्रोफेसरों की टीम ने औचक निरीक्षण कर कक्षाओं में सघन तलाशी ली। इस दौरान कोई भी छात्र नकल करते नहीं पकड़ा गया और दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
सम सेमेस्टर परीक्षाओं की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सेंटर में कंट्रोल रूम बनाया गया, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से दोनों पालियों की परीक्षा पर नजर रखी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

