महिलाओं को मिल रहा संबल, साहूकारों पर निर्भरता की मजबूरी खत्म

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं को मिल रहा संबल, साहूकारों पर निर्भरता की मजबूरी खत्म


लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ साहूकारों पर उनकी निर्भरता की मजबूरी खत्म करने की दिशा में योगी सरकार के प्रयासों के महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रारंभ से अब तक पौने दस लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को 11 हजार 378 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। इसके जरिए ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। मिशन की शुरुआत से अब तक 11.85 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन करते हुए 1.38 करोड़ परिवारों को जोड़ा गया है।

मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार इस व्यवस्था से साहूकारों पर उनकी निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर बचत, ऋण, कौशल और बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। इससे महिलाएं खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और सेवा क्षेत्र में आय के नए साधन विकसित कर रही हैं। समूहों की सामूहिक बचत और संस्थागत वित्त का सहयोग उनके लिए स्वरोजगार की राह आसान बना रहा है।

कम पूंजी वाली महिलाओं के लिए भी खुले उद्यमिता के द्वार : अरुण कुमार

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था ने उन ग्रामीण महिलाओं के लिए भी उद्यमिता के द्वार खोले हैं, जिनके पास न बड़ी पूंजी थी और न बाजार तक सीधी पहुंच। खेती से जुड़ी गतिविधियों से लेकर पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय उत्पादों के निर्माण और सेवा क्षेत्र तक महिलाएं आय के नए स्रोत विकसित कर रही हैं। इससे उनकी भूमिका परिवार की अतिरिक्त कमाई करने वाली सदस्य से आगे बढ़कर आर्थिक फैसलों में भागीदार की बन रही है।

उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उत्पादन के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ाव बढ़ने से उनके छोटे उद्यमों को विस्तार का अवसर मिल रहा है।

छोटी बचत से शुरू हुआ सफर, संस्थागत ऋण तक बनी पहुंच

ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाएं समूह बनाकर नियमित बचत करती हैं। समूहों में आंतरिक ऋण और उसकी समय पर वापसी की व्यवस्था आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ वित्तीय अनुशासन भी विकसित करती है। आगे यही प्रक्रिया उन्हें बैंकिंग और दूसरे संस्थागत वित्त से जोड़ने का आधार बनती है।

आजीविका गतिविधियों के लिए पूंजी उपलब्ध होने से महिलाओं को कारोबार शुरू करने या उसका विस्तार करने में मदद मिल रही है। आर्थिक जरूरतों के लिए साहूकारों का सहारा लेने की मजबूरी खत्म करने में स्वयं सहायता समूहों की यह व्यवस्था महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। योगी सरकार के सहयोग से महिलाएं स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कारोबार विकसित कर रही हैं। मसाला, पापड़, अचार, मिलेट उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन और अन्य गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों में कमाई के अवसर बढ़ा रही हैं। कौशल और बाजार से जुड़ाव इन प्रयासों को आगे बढ़ाने में सहायक बन रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story