सीमा राजभर बनी सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
सीमा राजभर बनी सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष


लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी की महिला सभा में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने सीमा राजभर उर्फ भावना को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए सपा महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नामित किया है।

इस संबंध में सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को पत्र जारी किया है। उन्होंने निवर्तमान महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के साथ उक्त जानकारी सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रो. रामगोपाल यादव और अन्य संगठन पदाधिकारियों को भी अवगत कराया है।

इस संबंध में सीमा राजभर ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष की ओर से इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उनके विश्वास पर खरा उतरने के साथ ही महिलाओं को एकजुट करते हुए प्रदेश में आगामी चुनाव में पार्टी को जीत की ओर ले जाना है। आधी आबादी ही 2027 में सपा की सरकार बनाने की अहम भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि सीमा राजभर उर्फ भावना प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के बलिया जनपद की रहने वाली हैं। वह लगातार पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होकर प्रत्येक गतिविधि और कार्यों को जनता के बीच पहुंचा रहीं है। सपा अध्यक्ष ने उनकी कार्यशैली को देखते हुए महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story