कानपुर मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now

कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। मेट्रो स्टेशनों के निर्माण में सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से सभी स्टेशनों और ट्रेनों पर पूरी निगरानी रखी जाएगी। इन्हें इस प्रकार इंस्टॉल किया गया है कि कहीं कोई डार्क स्पॉट ना हो। महिला यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत के लिए महिला सुरक्षाकर्मी और महिला हाउसकीपिंग स्टाफ की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर- एक (आईआईटी– नौबस्ता) के अंतर्गत शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) में सुरक्षा और निगरानी तंत्र को सशक्त बनाने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता एलिवेटेड स्टेशनों में कैमरे स्थापित किए गए हैं। झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर अंडरग्राउंड स्टेशनों पर भी कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य प्रगति पर है।

सीसीटीवी कैमरे वीडियो एनालिटिक्स फीचर्स से लैस हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों, प्लेटफॉर्म पर पीली रेखा पार करने जैसी घटनाओं और लावारिस वस्तुओं की पहचान कर तुरंत अलर्ट भेजने में सक्षम हैं। नाइट विज़न और पैन-टिल्ट-जूम (पीटीजेड) कैमरों से 360 डिग्री कवरेज मिलता है।

प्रत्येक स्टेशन पर औसतन 40-45 कैमरे लगाए गए हैं, जबकि प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में लगभग 12 कैमरे लगाए गए हैं। रियल-टाइम फुटेज कंट्रोल रूम, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और सेंट्रल सिक्यॉरिटी रूम में भेजा जाता है, जहां यूपीएसएसएफ स्टाफ लगातार निगरानी करता है। कानपुर मेट्रो में सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन कॉन्कोर्स में पारदर्शी ग्लास, महिला स्टाफ की उपस्थिति और सभी निगरानी तंत्र का व्यापक उपयोग किया गया है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story