गोशाला में गोवंशाें की मौत पर सचिव निलंबित
हमीरपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा विकास खंड के निवादा गांव में गोशाला में तमाम गौवंश की मौत के मामले में सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले में ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि निवादा गांव की गौशाला में जलभराव से भारी दलदल हो गया था, जिसके कारण कई गौवंश की मौत हो गई थी। गौशाला की बदहाल स्थिति को लेकर राष्ट्रीय गौ संरक्षक दल के जिलाध्यक्ष रामधनी कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और बीडीओ से शिकायत की थी।
शिकायत के बाद बीडीओ और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जाँच की थी और मृत गौवंश का विधि-विधान से अंतिम संस्कार करवाया था। इसके साथ ही गौशाला को सड़क किनारे स्थित अटल उपवन में स्थानांतरित किया गया था।
पूरे प्रकरण में कार्य में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर जिला विकास अधिकारी नवीन गुप्ता ने सचिव रामसेवक को निलंबित कर दिया है। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि निलंबित सचिव को मुस्करा ब्लॉक से हटाकर राठ ब्लॉक में संबद्ध किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

