मतदान कार्मिकों को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण, डीएम ने दिए पारदर्शी मतदान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मतदान कार्मिकों को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण, डीएम ने दिए पारदर्शी मतदान के निर्देश


जौनपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मतदान कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की उपस्थिति में दो पालियों में आयोजित प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया और उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण सुबह 10 बजे और अपराह्न दो बजे आयोजित हुआ। इसमें मतदान अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी नियमों, कर्तव्यों, मतदान सामग्री के उपयोग तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने के बारे में बताया गया। इस दौरान अमिट स्याही लगाने, मतपेटिका खोलने और बंद करने तथा उसमें पेपर सील लगाने की प्रक्रिया समझाई गई। मतदान कार्मिकों को पेपर सील लगाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की त्रुटि न हो।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण में उपलब्ध कराई गई अध्ययन सामग्री का गंभीरता से अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी से जानकारी लेकर उसका समाधान कर लें। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों के प्रति सजग रहें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीना देवी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story