विंध्य विश्वविद्यालय : मई के पहले सप्ताह से शुरू होंगी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं

WhatsApp Channel Join Now
विंध्य विश्वविद्यालय : मई के पहले सप्ताह से शुरू होंगी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं


मीरजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं मई माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगी। परीक्षाएं पूर्व की तरह निर्धारित मानकों के अनुसार सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई जाएंगी।

कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विभिन्न व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं को लेकर अहम निर्णय लिए गए। इसके तहत स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) होंगी, जबकि स्नातकोत्तर, बीएड, एमएड, बीपीएड, विधि व कृषि सहित अन्य व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) पद्धति से कराई जाएंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी वर्षों में ऑड सेमेस्टर की सभी परीक्षाएं लिखित रूप में आयोजित होंगी, जबकि इवेन सेमेस्टर की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ पद्धति से कराई जाएंगी। समिति ने शासनादेश के अनुरूप परीक्षा कार्यक्रम को स्वीकृति प्रदान कर दी है। कुलपति ने बताया कि 8 अप्रैल से समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रों के परीक्षा फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story