शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, धारा 21 की होगी जल्द वापसी : डॉ सुनीत गिरि

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, धारा 21 की होगी जल्द वापसी : डॉ सुनीत गिरि


मुरादाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के लखनऊ में आयोजित हुए एक दिवसीय राज्य परिषद सम्मेलन से लौटे प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुरादाबाद निवासी डॉ सुनीत गिरि ने मंगलवार को बताया कि विभिन्न पुरानी मांगों को सम्मेलन में उठाया गया जिसमें सेवा सुरक्षा की धारा 21 और धारा 18 को शामिल किए जाने और तदर्थ शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में शामिल करवाने पर जोर दिया।

डा सुनीत गिरी ने बताया सम्मेलन में विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन में शामिल करना, शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा से आच्छादित करने पर हर्ष जताया गया। तथा उनके अनुसार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने सम्मेलन में बताया कि सेवा सुरक्षा की धारा 21 और धारा 18 को शामिल किए जाने और तदर्थ शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में शामिल करवाने पर इन विषयों पर शासन से सकारात्मक वार्ता हो चुकी है। शीघ्र ही इस का शासन आदेश निर्गत हो जायेगा। इसके अतिरिक्त शिक्षक शिक्षिकाओं के जीपीएफ खातों में राशि ट्रांसफर किया जाना तथा विषय विशेषज्ञों की पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण किए जाने की प्रक्रिया आदि पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में विधान परिषद में नेता शिक्षक दल व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद सदस्य ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि तदर्थ शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन का शासन आदेश शीर्घ निर्गत कराने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही इस में भी सफलता प्राप्त होगी। वहीं माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार पाठक तथा जिला मंत्री पुष्पेश मिश्रा ने तदर्थ शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में शामिल किए जाने सहित अन्य मांगों का एक ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी को दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story