उपजिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उपजिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण


बाराबंकी 24 जुलाई (हि.स.)। उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सुंदर नगर मजरा बतनेरा के उत्तरी मार्ग पर नाले के माध्यम से बाढ़ का पानी पहुंचा मिला। हालांकि आबादी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है और वहां जलभराव की स्थिति नहीं बनी है।

एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए दो नावों को पहले से ही प्री-पोजिशन मोड में तैनात किया गया था। वर्तमान आवश्यकता के अनुसार एक नाव का संचालन कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने मौके पर शिविर लगाकर आठ मरीजों का उपचार किया। वहीं, पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने चार पशुओं का उपचार करने के साथ 52 पशुओं का टीकाकरण भी किया।

निरीक्षण में पाया गया कि नदी तटबंध पर बसे गांवों की आबादी पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी गांव में कटान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने संभावित आपात स्थिति को देखते हुए बाढ़ राहत शिविरों की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यदि आबादी क्षेत्र में बाढ़ का पानी प्रवेश करता है तो प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाएगी। उपजिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story