सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां की मौत, बेटा सहित तीन घायल
फिरोजाबाद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को स्कूटी सवार मां-बेटे को बुलेट मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौत हो गई। जबकि घायल बेटे सहित तीन लोगों को उपचार दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव नगला केसरी निवासी चरण सिंह की पत्नी सुनीता अपने पुत्र आलोक के साथ स्कूटी पर सवार होकर शिकोहाबाद किसी कार्य से आई थी। स्कूटी सवार मां-बेटे वापस गांव लौट रहे थे। वह लोग जैसे ही थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव डांडियामई की पुलिया पर पहुंचे तभी अचानक सामने से आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। जिससे मां-बेटा सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान महिला सुनीता (45) की मौत हो गई। बुलेट मोटरसाइकिल को विनय कुमार पुत्र संजय निवासी दुर्गेश नगर फिरोजाबाद चला रहा था, जबकि उसके पीछे रोनक पुत्र मनोज कुमार निवासी रसूलपुर बैठा था।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज राणा ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। शव काे पाेस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

