जनगणना ड्यूटी में जा रहे प्रधानाध्यापक की सड़क हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना ड्यूटी में जा रहे प्रधानाध्यापक की सड़क हादसे में मौत


जनगणना ड्यूटी में जा रहे प्रधानाध्यापक की सड़क हादसे में मौत


नोएडा, 02 जून (हि.स.)। थाना दनकौर क्षेत्र के सरकपुर गांव निवासी एक स्कूल के प्रधानाध्यापक की सोमवार को जनगणना ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।

थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सरकपुर गांव निवासी बालकिशन बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के हसनपुर लडुकी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वह अपनी बाइक से जनगणना ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। जब वह दनकौर कोतवाली क्षेत्र के चांगोली मोड़ के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन अधिक चोट लगने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story