स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी, सीएम ने दिया उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद
-मुख्यमंत्री ने सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को प्रदान किए आवासीय पट्टे
-विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र, चाबी आदि का वितरण
रायबरेली,, 24 अगस्त(हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में स्कूल के बच्चियों के साथ रक्षा बंधन पर्व मनाया। बच्चियों ने जहां मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी,वहीं मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों को स्नेह के साथ आशीर्वाद दिया और उन्हें उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को आवासीय पट्टे प्रदान किए। सपेरा समुदाय के 60 लोगों को आवासीय पट्टे दिए जा चुके हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने समुदाय के पांच प्रतिनिधियों को मंच पर आवासीय पट्टे प्रदान किए। सीएम के हाथों सपेरा समुदाय की संजू, अंशिका, वंदना, किरण कुमारी व राजनंदिनी को आवासीय पट्टे मिले।
लाभार्थियों को योजनाओं की चाबी सौंपीं
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र, चाबी आदि का भी वितरण किया। इस दौरान रायबरेली के विकास में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लघु फिल्म के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर खीर खिलाकर कई बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को दुलारा-पुचकारा और उन्हें चॉकलेट व खिलौने भी दिए। सीएम ने महिलाओं को फलों की टोकरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी भी ली।
विभिन्न योजनाओं से किया गया लाभान्वित
सीएम योगी के हाथों मंच पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जगदंबिका सिंह व धर्मेंद्र मौर्य को कृषि यंत्र के तहत चाबी दी गई,जबकि सावित्री,मधुलता,रामनरेश को आयुष्मान कार्ड व अनुज कुमार को सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 4.50 लाख रुपये का चेक दिया। वंदना पांडेय को सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 4.37 लाख रुपये से अधिक का चेक व अयाज अहमद खान को ओडीओपी के अंतर्गत 15 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया। राइस मिल के लिए 96 लाख का चेक विशंभर जीवनानी (कृष्णा देवी प्राइवेट लिमिटेड) एमएसएमई के तहत मिला। सिम्मी सिंह को लैपटॉप व निर्मला, निशा तिवारी व रामवती को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 17.97 करोड़ रुपये से अधिक का चेक मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

