विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण से ही समाज का वास्तविक कल्याण संभव : रामाशीष
कानपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। युवाओं में अच्छे संस्कार और चरित्र निर्माण ही समाज को सही दिशा देने का आधार हैं। विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। यह बातें रविवार को विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव ‘निनाद’ में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामाशीष ने कहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश पूजन के साथ हुआ। इस दौरान ब्रह्मावर्त सनातन धर्म महामंडल के अध्यक्ष वीरेन्द्रजीत सिंह अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। प्रधानाचार्या सुमन चंदोला ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना और हनुमान वंदना से शुरुआत की। इसके बाद हरियाणवी और पूर्वोत्तर भारत के लोकनृत्य, कथक नृत्य तथा ‘अखंड भारत’ लघु नाटक का मंचन किया। प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और शौर्य का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
मुख्य अतिथि रामाशीष ने विद्यार्थियों को नदियों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गंगा समग्र संगठन गंगा समेत अन्य नदियों और ग्रामीण तालाबों को अविरल एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और नई पीढ़ी को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

