अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए प्रदेश में बनेंगे 6 आधुनिक छात्रावास, 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी

WhatsApp Channel Join Now

-पीएम-अजय योजना के तहत जौनपुर, फिरोजाबाद, सुल्तानपुर व हाथरस में निर्माण

लखनऊ, 27 मार्च (हि. स.)। प्रदेश सरकार प्रदेश के अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश में छह छात्रावासों के निर्माण और मरम्मत का काम जल्द किया जाएगा। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत बनने वाले ये छात्रावास आधुनिक कैंपस के रूप में विकसित होंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रावासों के लिए कुल 12.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है।

समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने के लिए संकल्पित है। हमारा प्रयास है कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले होनहार छात्रों को रहने की कोई असुविधा न हो। इन छात्रावासों को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि एक आधुनिक 'लर्निंग हब' के रूप में विकसित किया जा रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैसयोजना के तहत जौनपुर, सुल्तानपुर और हाथरस जिलों में एक-एक और फिरोजाबाद में तीन बालक और बालिका छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों में छात्रों के लिए सुसज्जित कक्ष, एक आधुनिक मेस, मनोरंजन कक्ष, एक समृद्ध पुस्तकालय और सुरक्षा के लिए गार्ड रूम के साथ-साथ छात्रावास अधीक्षक का आवास भी परिसर में ही होगा।

पारदर्शिता का रखा गया ध्याननिर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए धनराशि को एसएनए (स्पर्श) खाते के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके ।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story