मिट्टी बचाओ, खेती सजाओ : संतुलित उर्वरक से बढ़ेगा उत्पादन और बचेगी जमीन की सेहत

WhatsApp Channel Join Now
मिट्टी बचाओ, खेती सजाओ : संतुलित उर्वरक से बढ़ेगा उत्पादन और बचेगी जमीन की सेहत


कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उर्वरकों का संतुलित उपयोग ही टिकाऊ खेती की आधारशिला है। रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता लगातार घट रही है, इसलिए किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए, तभी उत्पादन बढ़ेगा और जमीन की सेहत भी लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी। यह बातें सोमवार को कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दलीप नगर तथा भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बिल्हौर विकासखंड के अकबरपुरसेग गांव में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। “मिट्टी बचाओ, खेती सजाओ” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मिट्टी की सेहत सुधारना, खेती की लागत कम करना और उत्पादन बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने उर्वरकों के संतुलित प्रयोग पर विशेष जोर देते हुए बताया कि सही मात्रा में खाद का उपयोग करने से फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों में सुधार होता है, साथ ही मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग भविष्य की खेती के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने किसानों को मृदा परीक्षण कराने की सलाह देते हुए कहा कि इससे खेत की वास्तविक जरूरत के अनुसार पोषक तत्वों का सही उपयोग किया जा सकता है। इससे लागत में कमी आती है और उत्पादन बेहतर होता है।

वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र कुमार और डॉ. अभिषेक बोहरा ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि जैविक और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग से मिट्टी की सेहत लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकती है। वहीं उद्यान वैज्ञानिक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने सब्जी फसलों में संतुलित उर्वरक प्रयोग की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं विशेषज्ञों के सामने रखीं, जिनका वैज्ञानिकों ने व्यावहारिक समाधान दिया। इस अवसर पर शुभम यादव सहित गांव के 40 से अधिक महिला और पुरुष किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

Share this story