देशभक्ति और पर्यटन का नया प्रतीक बनेगा नौसेना शौर्य संग्रहालय: जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
देशभक्ति और पर्यटन का नया प्रतीक बनेगा नौसेना शौर्य संग्रहालय: जयवीर सिंह


70% पूरा नौसेना शौर्य संग्रहालय, लखनऊ को मिलेगा शौर्य और तकनीक का नया केंद्र

लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ के आईटी सिटी क्षेत्र में बन रहे नौसेना शौर्य संग्रहालय का निर्माण कार्य करीब 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है और अब यह परियोजना भारतीय नौसेना की ताकत और गौरव का जीवंत प्रतीक बनती नजर आ रही है। जहाज के आकार में तैयार हो रहा यह संग्रहालय नौसैनिक वास्तुकला, पोर्थोल स्टाइल खिड़कियों, जहाज की रेलिंग और नौ सेना उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। परिसर में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ विशेष आकर्षण के रूप में विकसित की जा रही है, जहां ऐतिहासिक टीयू-142एम विमान और सी किंग एसके-42बी हेलीकॉप्टर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आईएनएस गोमती से जुड़े मिसाइल, टारपीडो, गन और पनडुब्बी रोधी उपकरण भी यहां पहुंच चुके हैं। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह संग्रहालय प्रदेशवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर तैयार होगा।

देशभक्ति और पर्यटन का नया केंद्र बनेगा नौसेना शौर्य संग्रहालय: जयवीर सिंह

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि,“लखनऊ में बन रहा नौसेना शौर्य संग्रहालय प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की अदम्य वीरता, त्याग और समुद्री शक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आएगा। इसे जहाज के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले लोगों को एक वास्तविक नौसैनिक अनुभव मिल सके।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि, “ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को समृद्ध किया जा है, लखनऊ स्थित इकाना स्टेडियम के पास सीजी सिटी में बन रहा यह संग्रहालय उसी श्रृंखला में एक नया और महत्वपूर्ण आकर्षण बनकर उभरेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story