जैसलमेर में तैनात नायब सूबेदार के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे सतीश महाना

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर में तैनात नायब सूबेदार के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे सतीश महाना


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के दौरान भारतीय सेना इस गम्भीर परिस्थितियों में भी अपने साहस का परिचय दे रही है। इसी विपरीत परिस्थिति में परिजनों का हौसला अफजाई करने के लिए शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना चकेरी के जगईपुर्वा आनंद नगर स्थित नायब सूबेदार अजय सिंह के निवास पहुंचे। अजय जैसलमेर में तैनात हैं। महाना ने फोन पर जवान से बात कर उनका हौसला बढ़ाया।

आनंद नगर में रहने वाले सेना से रिटायर्ड सूबेदार कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि वह खुद कारगिल युद्ध का हिस्सा रहे थे। साल 2000 में वह रिटायर हो चुके हैं। उनका छोटा बेटा विजय सिंह भी सेना से रिटायर्ड है। जबकि बड़े बेटे अजय सिंह अभी भी देश की सेवा कर रहे हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती जैसलमेर में है। दुश्मन देश से जंग के दौरान होने वाली सभी परिस्थितियों को वह बखूबी जानते हैं, इसलिए उन्हें अपने बेटे को लेकर किसी प्रकार की कोई चिंता नहीं है।

अजय की पत्नी शिप्रा ने बताया कि उनके दो बच्चे आशीष सिंह और आदित्य सिंह हैं। बेटी मोहाली से वकालत की पढ़ाई कर रही है। वहीं आदित्य आर्मी स्कूल से दसवीं की पढ़ाई कर रहा है। उनका सपना है कि बाबा, पिता और चाचा की तरह ही उनका बेटा भी सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा करे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले उनके पति पहलगाम में तैनात थे। सीमा पर तनाव की स्थितियों को देखते हुए उन्हें जैसलमेर भेजा गया है। हालांकि रोजाना परिजनों से बातचीत भी हो रही है। पूरे परिवार को उन पर गर्व है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने परिजनों से मिलकर कहा कि पूरा देश आप लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। यही नहीं उन्होंने खुद सूबेदार अजय सिंह को फोन कर वहां की स्थितियों के बारे में जानकारी ली और कहा कि देश की रक्षा करने के साथ-साथ खुद का भी ख्याल रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story