नागपंचमी पर निकलेगी साष्टांग दंडवत यात्रा, बाबा जागेश्वर नाथ का होगा जलाभिषेक
जौनपुर,16 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में पवित्र श्रावण मास एवं नागपंचमी के अवसर पर बोल बम दंडवत संघ जौनपुर की ओर से सोमवार, 17 अगस्त को भव्य षष्टांग दंडवत यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन कार्यक्रम के संबंध में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए संस्था की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों और यात्रा के मार्ग की जानकारी दी गई। इस दौरान संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सत्यनारायण केसरी ‘नंदी बम’ ने सभी शिवभक्तों से सपरिवार यात्रा में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह सात बजे हजारों शिवभक्त हनुमान घाट स्थित आदि गंगा गोमती के तट पर एकत्र होंगे। यहां से पवित्र जल लेकर दंडवत यात्रा शुरू होगी। श्रद्धालु दंडवत करते हुए हनुमान घाट, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा और नवाब यूसुफ रोड होते हुए मोहल्ला आलमगंज स्थित श्री श्री 1008 बाबा जागेश्वर नाथ धाम पहुंचेंगे। यहां बाबा जागेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
यात्रा के दौरान बाबा का रथ शोभायात्रा के रूप में आगे चलेगा। गाजे-बाजे के बीच शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष करते हुए भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़ेंगे। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।सत्यनारायण केसरी ‘नंदी बम’ ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का हर वर्ष महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने सभी सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
उन्होंने शिवभक्तों से नागपंचमी के दिन यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा जागेश्वर नाथ का जलाभिषेक करने की अपील की। इस दौरान महासचिव अम्बेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष शेरू वेदवंशी, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, व्यवस्थापक अर्जुन गुप्ता, मीडिया प्रभारी मनीष गांधी ‘शीतल’, सेवक राजू केसरी एवं अतुल साहू सहित संस्था के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

