भाजपा सरकार में महिला नेतृत्व के नए युग की ओर बढ़ रहा भारत : सरोज कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार में महिला नेतृत्व के नए युग की ओर बढ़ रहा भारत : सरोज कुशवाहा


लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महिला सशक्तीकरण को नई दिशा देते हुए महिलाओं की भागीदारी को नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण के केंद्र में स्थापित कर रहा है। महिला कल्याण से महिला नेतृत्व तक का यह परिवर्तन विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं में उचित प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इस महत्वपूर्ण विषय पर संसद का विशेष सत्र आहूत होना महिला राजनीतिक भागीदारी को नई गति देने और लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन में महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता हैं। आज देश की महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, प्रशासन, सुरक्षा और सामाजिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उनकी इसी क्षमता को राजनीतिक और संवैधानिक संस्थाओं में व्यापक अवसर देना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण केवल प्रतिनिधित्व बढ़ाने का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को सशक्त बनाने का माध्यम है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और प्रतिनिधिक बनाएगी। यह देश की बेटियों के लिए नेतृत्व के नए अवसर खोलेगी और आने वाली पीढ़ियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।महिला सशक्तीकरण किसी दल की राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस ऐतिहासिक पहल पर सभी राजनीतिक दलों को दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर महिलाओं के नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी का समर्थन करना चाहिए।

महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि नारी का सम्मान हमारी संस्कृति, नारी का सशक्तीकरण हमारा संकल्प और नारी नेतृत्व विकसित भारत की शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सहभागिता का यह नया अध्याय भारत के लोकतांत्रिक भविष्य को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story