सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव : आरके सिंह पटेल

WhatsApp Channel Join Now
सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव : आरके सिंह पटेल


चित्रकूट, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चित्रकूट में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पटेल तिराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अद्वितीय योगदान को याद किया गया। इस मौके पर बुंदेलखंड के कद्दावर राजनेता एवं बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों का भारतीय गणराज्य में विलय कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण की मिसाल है। आज उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पूर्व सांसद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और असाधारण राजनीतिक कौशल के धनी थे। आजादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण करना था। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत निर्णय क्षमता से इस चुनौती को स्वीकार किया और देश की एकता को ऐतिहासिक मजबूती प्रदान की। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के भारत में विलय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव याद रखी जाएगी।

आरके सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को और सशक्त किया है। सरदार पटेल के राष्ट्र प्रथम के विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। युवाओं को उनके जीवन से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता शक्ति प्रताप सिंह तोमर, रवि गुप्ता, किशन अग्रहरि,जिला पंचायत सदस्य राजा राम पाल,अंकित सिंह राजपूत,अखिलेश कुमार सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story