सरस्वती बालिका विद्यालय सूर्यकुंड गोरखपुर की बेटियों ने कबड्डी में लहराया परचम, प्रतियोगिता में बनी चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
सरस्वती बालिका विद्यालय सूर्यकुंड गोरखपुर की बेटियों ने कबड्डी में लहराया परचम, प्रतियोगिता में बनी चैंपियन


गोरखपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता में गोरक्ष प्रांत की बेटियों ने शानदार खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग, बस्ती में आयोजित इस प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्यालय सूर्यकुंड, गोरखपुर की छात्राओं ने कबड्डी के शिशु वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कानपुर प्रांत की टीम को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

शिशु वर्ग के मुकाबले में सूर्यकुंड की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। टीम की पीहू साहनी, प्रांजलि यादव, आश्वी सिंह और जिज्ञासा ने शानदार तालमेल और रणनीतिक खेल के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाए रखा। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत टीम ने फाइनल मुकाबला अपने नाम करते हुए चैंपियन ट्रॉफी विद्यालय की झोली में डाल दी।

वहीं प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में भी गोरक्ष प्रांत की छात्राओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में साक्षी कुशवाहा, आराध्या राय, पूजा निषाद, अंकिता यादव और अदिति शाही समेत अन्य खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलते हुए अपनी प्रतिभा साबित की।

इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के साथ ही कोच रिमझिम सिंह और शारीरिक आचार्या अर्चना पाठक का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। उनके प्रशिक्षण और रणनीतिक दिशा-निर्देशन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया। छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि श्रीवास्तव और विद्यालय प्रबंध समिति ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभाशीष दिया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। बेटियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर विद्यालय के साथ-साथ अपने शिक्षकों और अभिभावकों का भी मान बढ़ाया है।

विद्यालय परिवार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। सूर्यकुंड की छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story