झूठा साबित हुआ सबका साथ और सबका विकास का नारा : श्यामलाल पाल

WhatsApp Channel Join Now
झूठा साबित हुआ सबका साथ और सबका विकास का नारा : श्यामलाल पाल


सिद्धार्थनगर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय के सनई में एक मैरिज हॉल पर समाजवादी पार्टी की ओर से कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र का संगठनात्मक कार्यकर्ता एवं पीडीए सम्मेलन मंगलवार को आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सम्मेलन में सपा विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक विजय पासवान, जिला अध्यक्ष लालजी यादव, जमील सिद्दीकी सहित जिले के बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, जोनल प्रभारी और विधानसभा कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” का नारा झूठा साबित हुआ। प्रदेश में महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। भाजपा सरकार पर हिंदू-मुसलमान के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि नौजवानों को स्थायी रोजगार देने के बजाय ये सरकार आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार दे रही है।

श्याम लाल पाल ने शिक्षा और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव में सपा कार्यकर्ताओं को कमर कसकर तैयार रहने का आह्वान किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव लोकतंत्र का अंतिम चुनाव होगा। केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। 2024 के चुनाव के बाद जिस तरह आम लोग संविधान को बचाने के लिए सामने आए उससे बीजेपी परेशान है। पिछले उपचुनाव में एक तरफ जनता तो दूसरी तरफ सरकार की मशीनरी चुनाव लड़ रही थी। सपा को जनता ने नहीं बल्कि सरकार और सरकारी मशीनरी ने हराया। उन्होंने कहा कि भारत जैसा लोकतंत्र कहीं नहीं है, लेकिन भाजपा अमीर और गरीब तथा जाति एवं धर्म की खाई बढ़ा रही है। लेकिन पीडीए की सरकार बनने के बाद यह खाई खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता सामंतवादी सरकार को उखाड़ कर समाजवादी, बराबरी और लोकतंत्र की सरकार लाना चाह रही है। सपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं के अंदर आपसी कलह और गुटबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव आने दीजिए सभी कार्यकर्ता और नेता एक साथ रहेंगे। भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

Share this story