सामाजिक न्याय के अग्रदूत थे संत गाडगे महाराज : राकेश मौर्य
जौनपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को जिला कार्यालय पर राष्ट्रसंत गाडगे महाराज की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला महासचिव आरिफ हबीब ने गाडगे महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए की। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि संत गाडगे महाराज निष्काम कर्मयोगी और सामाजिक न्याय के अग्रदूत थे। उन्होंने छुआछूत, रूढ़िवाद, पाखंड, आडंबर और अंधविश्वास का जीवनभर विरोध किया। महाराष्ट्र में उन्होंने भीख मांगकर धर्मशालाएं, गौशालाएं, विद्यालय, चिकित्सालय और छात्रावासों का निर्माण कराया, लेकिन स्वयं के लिए कभी घर नहीं बनवाया।
प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन आरिफ हबीब ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

