संदीप सिंह हत्याकांड : उप्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त, 2027 में जनता करेगी भाजपा की विदाई : अजय राय

WhatsApp Channel Join Now
संदीप सिंह हत्याकांड : उप्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त, 2027 में जनता करेगी भाजपा की विदाई : अजय राय


संदीप सिंह हत्याकांड : उप्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त, 2027 में जनता करेगी भाजपा की विदाई : अजय राय


जौनपुर,03 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय बुधवार को जौनपुर पहुंचे और लखनऊ में हत्या के शिकार हुए प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने कहा कि संदीप सिंह जौनपुर के निवासी थे और रोजगार के सिलसिले में लखनऊ गए थे, जहां दिनदहाड़े उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का बड़ा उदाहरण है। राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हत्याएं, अपराध और महिलाओं के खिलाफ घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है।अजय राय ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक कारणों से मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई वीडियो के आधार पर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, लेकिन वह जनता के मुद्दे उठाना नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है और अब लोग सरकार की नीतियों को समझ चुके हैं।संदीप सिंह के परिजनों ने भी हत्याकांड की निष्पक्ष और ठोस जांच की मांग उठाई। परिवार का कहना है कि मामले में कुछ गिरफ्तारियां हुई हैं, लेकिन घटना में शामिल शूटर और अन्य आरोपियों की पूरी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने मांग की कि मामले में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।अजय राय ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और लोकतांत्रिक तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रदेश की दिशा तय करेगी। साथ ही उन्होंने संदीप सिंह हत्याकांड समेत अन्य गंभीर मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story