हम सभी मिलकर सनातन धर्म, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा करें : महामंडलेश्वर श्री स्वामी बालकानंद गिरी

WhatsApp Channel Join Now
हम सभी मिलकर सनातन धर्म, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा करें : महामंडलेश्वर श्री स्वामी बालकानंद गिरी


मुरादाबाद, 06 जून (हि.स.)। सम्राट अशोक नगर स्थित श्री महाकालेश्वर बालाजी धाम मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक अनुष्ठान के पांचवें दिन आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री स्वामी बालकानंद गिरी का एवं श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री वैराग्यानन्द गिरी द्वारा अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया गया। आचार्य महामंडलेश्वर श्री स्वामी बालकानंद गिरी ने कहा कि सच्चा धर्म वह है जो हमें नम्र बनाता है। सेवा करना सिखाता है और हमें हर प्राणियों में भगवान का दर्शन करना भी सिखाता है। हम सभी मिलकर सनातन धर्म, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा करें व आने वाली पीढ़ियों को एक महान विरासत दें।

शनिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह मंडल पूजन से हुआ, जिसमें गुरु माता अनीता अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, राखी अग्रवाल, कमल अग्रवाल, आराधना अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया। यह कार्यक्रम पूज्य गुरुदेव श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी संजयनंद गिरि के सानिध्य एवं अध्यक्षता में किया जा रहा है।

इस मौके पर उप्र गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, डॉ. विनीत गुप्ता, साध्वी गीता प्रधान, श्याम कृष्ण रस्तोगी, नितिन मित्तल, डॉ. अनुज अग्रवाल, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story