जालंधर से वाराणसी तक सामाजिक समरसता यात्रा निकालेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
जालंधर से वाराणसी तक सामाजिक समरसता यात्रा निकालेगी भाजपा


लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जालंधर से वाराणसी तक सामाजिक समरसता यात्रा निकालेगी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम ने यात्रा की रूपरेखा की जानकारी साझा की।

शिवेश राम ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरू रविदास महाराज की 650 वे जयंती वर्ष पर भाजपा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले समरसता संकल्प अभियान के तहत चतुर्थ चरण में समरसता संकल्प यात्रा संत रविदास के सामाजिक समरसता, मानव कल्याण, श्रम की प्रधानता व सदभाव के संदेश को प्रसारित करेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि यात्रा 18 नवम्बर को जालंधर से प्रारम्भ होकर 03 दिसम्बर को वाराणसी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, हरियाणा, दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश सहित 08 राज्यों में 2558 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। यात्रा के दौरान प्रतिदिन 8 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाएगें, जिनके माध्यम से सामाजिक समरसता, सद्भाव और महापुरूषों के विचारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग में प्रमुख पडावों, शहरो, नगरो या जिला मुख्यालयों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही पूज्य संत रविदास जी महाराज के चित्र को मंदिरों में लगाया जाएगा। अनुसूचित वर्ग के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित किये जाएगें। यात्रा मार्ग में सभी महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व उनके योगदान प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। विधानसभा स्तर पर स्वागत कार्यक्रम तथा जिला या प्रमुख नगरों में ऑडिटोरियम कार्यक्रम तथा सायंकाल बड़ी सभाएं व समरसता भोज आयोजित किये जाएगें।

लाल सिंह आर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा सहारनपुर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज से होकर वाराणसी पहुंचेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story