भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, गुरू पूर्णिमा पर नेताओं ने लिया गुरूओं का आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, गुरू पूर्णिमा पर नेताओं ने लिया गुरूओं का आशीर्वाद


भाजपा का समरसता संकल्प अभियान शुरू, गुरू पूर्णिमा पर नेताओं ने लिया गुरूओं का आशीर्वाद


लखनऊ, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को गुरू पूर्णिमा के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर वाराणसी से समरसता संकल्प अभियान की शुरूआत की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीं संत निरंजन दास, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को प्रदेशभर में भारतीय जनता पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों, मठों में जाकर संतों व पुजारियों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। राजधानी लखनऊ में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मैथलीशरण वार्ड स्थित भूतनाथ मंदिर में महंत रुद्रनाथ, गुरु माता अनुपमा गर्ग का आरती-पूजन कर अंगवस्त्र, फल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके अलावा गोमती नगर स्थित भीमनगर रविदास मंदिर में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता कर दीप प्रज्वलित कर संत रविदास को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर नीरज सिंह ने कहा कि संत रविदास के आदर्श सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। भाजपा नेता प्रकाश मिश्रा ने पश्चिम विधान सभा में संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story