समाजवादी पार्टी की बाबरी सोच है, इसीलिए सपा सरकार में दंगे होते थे : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
समाजवादी पार्टी की बाबरी सोच है, इसीलिए सपा सरकार में दंगे होते थे : योगी आदित्यनाथ


मुरादाबाद, 29 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की बाबरी सोच है और बाबरी सोच विध्वंसकारी होती है। इसीलिए सपा सरकार में दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था, अपराध का बोलबाला होता था। यह बातें साेमवार काे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में 365 करोड रुपये की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि आज के यूपी में विकास भी विरासत भी है। पिछली सरकारों की सोच कब्रिस्तानी होती थी इसीलिए पहले पैसा कब्रिस्तान में लगता था। अब मंदिरों के विकास में लगता है। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ इसके उदाहरण है और अब मथुरा की बारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस का विजन विकास नहीं, इनका विजन परिवार का विकास है। अखिलेश यादव बडे घर में पैदा हुए, 12 बजे सोकर उठते थे, 5 बजे मित्रों से मिलते थे, फिर उनकी महफिल जमती थी तो उत्तर प्रदेश का विकास कहां से होता। सपा सरकार में 100 रुपये की योजना 500 रुपये की बनाई जाती थी।

योगी ने कहा जो पीढी विरासत का सम्मान करती है वह प्रगति करती है। जो पीढी विरासत का अपमान करती हैं उसकी दुर्गति होती है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश यही स्थिति थी। सपा सरकार में यह लाइन आई थी, देख सपाई बिटिया घबराई, आज बिटिया भी सुरक्षित और व्यापारी भी सुरक्षित है। आज से नौ वर्ष पूर्व मुरादाबाद दंगों, कर्फ्यू, गड्ढों, अपराधों के लिए जाना जाता था, आज का मुरादाबाद गुरु जंभेश्वर के नाम से, विकास के नाम से जाना जाता है।

मंच पर उप्र सरकार में सूक्ष्म लघु उद्योग मध्यम मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री व मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सैनी, जिला प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, नगर विधायक रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शैफाली चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर प्रभारी मोहनलाल सैनी, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, प्रांतीय परिषद सदस्य निमित जायसवाल व संजय ढाका, पार्षद दल के उपनेता सुरेंद्र विश्नोई आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story