भाजपा सरकार में मंहगाई हुई बेलगाम : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार में मंहगाई हुई बेलगाम : अखिलेश यादव


लखनऊ, 07 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में मंहगाई बेलगाम हो गयी। भाजपा निर्मित मंहगाई से जनता त्रस्त है। घरेलू गैस सिलेण्डर की कीमत 29 रूपये बढ़ाकर भाजपा सरकार ने जनता को मंहगाई का एक और डोज दे दिया है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि आम जनता मंहगाई से कराह रही है। पिछले तीन महीने में घरेलू गैस सिलेण्डर 89 रूपये मंहगा हो गया है। वहीं कामर्शियल सिलेण्डर की कीमत हजार रूपये से ज्यादा बढ़ चुकी है। डीजल, पेट्रोल की कीमते लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार को गरीबों, मध्यम वर्गों और आम जनता की कोई चिंता नहीं, भाजपा सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों के मुनाफा और लाभ बढ़ाने की तिकड़म में जुटी रहती है। भाजपा की नीतियां गरीब विरोधी और पूंजीपरस्त हैं। भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम करती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मंहगाई कम करने के भाजपा के बड़े-बड़े वादों की हकीकत सामने आ गयी है। भाजपा से हर वर्ग की आस टूट गयी है। प्रदेश सरकार बिजली की कीमत बढ़ाती है। स्मार्ट मीटर लगाकर बिल बढ़ाकर लूट करती हैं, तो दिल्ली की सरकार डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम अन्य चीजों के दाम बढ़ाकर जनता की जेब काट रही है और अपनी तिजोरी भर रही है। डीजल, पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से परिवहन से लेकर खाना-पीना सब महंगा हो गया। आखिर जनता जाय तो कहां जाय। लोगों की आमदनी नहीं बढ़ रही है। बेरोजगारी चरम पर है। व्यापार कारोबार सब चौपट हो रहा है। खेती का लागत मूल्य बढ़ रहा है। लेकिन भाजपा की संवेदनहीन सरकार को जनता पर थोड़ी भी तरस नहीं आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story