भाजपा नेता सपा सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हैं : अखिलेश यादव
कन्नौज , 06 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साेमवार काे एसआईआर को लेकर भाजपा सरकार और चुनाव आयाेग पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा करके आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्हाेंने कहा कि भाजपा के नेता समाजवादी पार्टी की सरकार के विकास कार्याें काे गिनाते हैं।
अखिलेश यादव सोमवार दोपहर एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने कन्नौज पहुंचे थे। इस दाैरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास नहीं, विनाश हुआ है। जब भाजपा के नेता विकास की बात करते हैं तो सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों को गिना देते है जबकि भाजपा सरकार ने कन्नौज में एक्सीलेंस फ़ॉर वेजिटेबल, काऊ मिल्क प्लांट, कैंसर इंस्टिट्यूट, पैरा मेडिकल कालेज, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को बर्बाद कर दिया। इसलिए कन्नौज वालों बीजेपी के लोगों के झांसे में न आना। 2027 में समाजवादी पार्टी विकास और संघर्ष के सिद्धांत पर चलते हुए सरकार बनाने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाई देशहित में कोई काम नहीं करते। अगर देशहित में काम करते तो आज तमाम देश हमारे मित्र होते, लेकिन इन्होंने तमाम देशों को भारत से दूर कर दिया। बीजेपी सरकार द्वारा महिलाओं को आरक्षण देने के सवाल पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है। महिलाओं को बराबरी का हक मिले, इसके लिए कदम उठाए जाने चाहिए। लेकिन जिस आधी आबादी को बीजेपी आरक्षण देने की बात कर रही, उसके पास आधी आबादी की सही संख्या भी नहीं है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

