दुष्कर्म आराेपित काे पांच दिन थाने में बैठाने के मामले में सलेमपुर कोतवाल निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
दुष्कर्म आराेपित काे पांच दिन थाने में बैठाने के मामले में सलेमपुर कोतवाल निलंबित


देवरिया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में दुष्कर्म के एक आरोपित को पांच दिन तक थाने में बैठाए रखने के मामले में सलेमपुर कोतवाल विनोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बुधवार रात यह कार्रवाई की। न्यायालय ने एसपी से मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य अभिलेख तलब किए हैं। वहीं, पुलिस लाइन में तैनात राहुल सिंह को सलेमपुर का नया कोतवाल बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार, खामपार थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ एक युवक सलेमपुर में किराए के कमरे में रहता था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। बाद में विवेचना के दौरान मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई थी।

आरोप है कि पुलिस ने संबंधित आराेपित युवक को पांच दिनों तक सलेमपुर कोतवाली में बैठाए रखा। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सुनवाई के दौरान आरोपित को पुलिस हिरासत में रखने की अवधि को लेकर सवाल उठे। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने संबंधित अभिलेख और कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

न्यायालय की सख्ती के बाद एसपी ने सलेमपुर कोतवाल विनोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही राहुल सिंह को सलेमपुर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मामले में विभागीय जांच की कार्रवाई अभी शेष है। न्यायालय में आगे की कार्यवाही भी होनी है। अब जांच और उपलब्ध कराए जाने वाले अभिलेखों के आधार पर मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story