देवरिया : स्वास्थ्य विभाग के लापरवाह 30 सीएचओ का वेतन रोका, नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : स्वास्थ्य विभाग के लापरवाह 30 सीएचओ का वेतन रोका, नोटिस जारी


देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन के गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान पोर्टल पर 30 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के अंतर्गत आयोजित होने वाले सत्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचओ, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियमित बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया।

डीएम ने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित होम विजिट करने, गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक में प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जलभराव तथा खराब संपर्क मार्गों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही आरबीएसके टीमों को सक्रिय रहते हुए बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story