वुशु प्रतियोगिता में साक्षी सिंह ने जीता स्वर्ण पदक, कुलपति ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
वुशु प्रतियोगिता में साक्षी सिंह ने जीता स्वर्ण पदक, कुलपति ने दी बधाई


जौनपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर की छात्रा साक्षी सिंह ने अंतरमहाविद्यालयीय वुशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। साक्षी एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

साक्षी की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव, परिसर खेल सचिव प्रो. प्रदीप कुमार, डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, खेल प्रशिक्षक विजय प्रकाश और खेल सहायक रजनीश सिंह ने भी साक्षी को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story