एमएलसी साकेत मिश्रा की पहल रंग लाई, महिला अस्पताल को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की कवायद
बलरामपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जनपद के नगर तुलसीपुर में लंबे समय से चली आ रही महिला अस्पताल की मांग को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा द्वारा गत 6 अगस्त को विधान परिषद में नियम-115 के तहत तुलसीपुर में महिला अस्पताल की स्थापना की मांग की गई थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर आवश्यक जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और महिला अस्पताल की स्थापना की उम्मीद जगी है।
गुरुवार को तुलसीपुर स्वास्थ्य अधीक्षक डॉक्टर सुजीत कुमार ने बताया कि विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा की मांग के क्रम में महिला अस्पताल के निर्माण को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके तहत देवीपाटन मंदिर से आसपास के अस्पतालों की दूरी, वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्था तथा क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति से संबंधित जानकारी मांगी गई है। डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि महिला अस्पताल और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। क्षेत्र की आवश्यकता, वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाओं और महिला मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी भेजी गई है।
विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा ने 6 अगस्त को शासन के समक्ष तुलसीपुर में महिला अस्पताल की स्थापना का मुद्दा उठाते हुए बताया था कि क्षेत्र में महिला अस्पताल का अभाव होने के कारण महिलाओं को प्रसव, स्त्री रोग एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा दूर के अस्पतालों में जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी के साथ समय और धन की भी बर्बादी होती है।
सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री विष्णु देव गुप्ता,मंडल अध्यक्ष विश्राम सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। तुलसीपुर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि महिला अस्पताल की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल बनने से गर्भवती महिलाओं और अन्य महिला मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। वहीं, देवीपाटन मंदिर में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं के आने के कारण उन्हें भी आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शासन स्तर से जल्द सकारात्मक निर्णय होगा और तुलसीपुर में महिला अस्पताल की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि तुलसीपुर में महिला अस्पताल की मांग बीतें कई वर्षों से चली आ रही है। सनातन जागृति मंच, व्यापार मंडल,कसौधन समाज इसको लेकर मांग कर चुके हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा ने इस मुद्दे को उठाया ,जिस पर स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

