संतों की गर्जना, शीघ्र होगा श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण
--श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को गीत हुआ समर्पित
मथुरा, 06 जून(हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति की मांग को लेकर बुलंदशहर के श्रीसिद्ध धाम रामघाट से शुरू हुई मोटरसाइकिल यात्रा शनिवार को मथुरा पहुंची। सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल पर यह यात्रा एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई, जहां विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों कृष्ण भक्तों और संतों ने मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया। इस विशेष अवसर पर छावा म्यूजिक कंपनी द्वारा आंदोलन को समर्पित विशेष गीत श्री कृष्ण जन्मभूमि मेरी शान भी लॉन्च किया गया।
सभा का संचालन करते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में भी श्रद्धालुओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि मंदिर निर्माण होकर रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि आगरा की जामा मस्जिद में दबे भगवान श्रीकृष्ण के विग्रहों को वापस मथुरा लाने के लिए न्यायालय में कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ी जा रही है और इसके पर्याप्त साक्ष्य पेश किए जा चुके हैं। संत स्वामी कांताचार्य महाराज (सिद्ध बाबा धाम) ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में इससे भी विशाल यात्रा मथुरा लाई जाएगी। स्वामी गोविंददानंद तीर्थ महाराज (अध्यक्ष, सेवा मंगलम) ने हिंदुओं से संगठित होने की अपील करते हुए कहा कि हमें अपनी तालियों को ताकत में बदलना होगा।
स्वामी कृष्णानंद एवं डॉ. आदित्यानंद संतों ने कहा कि मूल गर्भगृह पर मंदिर निर्माण ही सभी सनातनियों का एकमात्र लक्ष्य है और इसके लिए अब किसी अतिरिक्त प्रमाण की आवश्यकता नहीं है।
इससे पूर्व, छावा म्यूजिक कंपनी के डायरेक्टर दशरथ सिंह राठौड़ और प्रोड्यूसर मनीषा राठौड़ ने आंदोलन का मुख्य गीत यात्रा को समर्पित किया। कलाकार रिमझिम सिंह, सोनल सिंह, विशाल और रोहित ने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। मथुरा आगमन पर कृष्णापुरी, होली गेट, कंकाली और भूतेश्वर सहित विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों और भक्तों द्वारा साधु-संतों का भव्य स्वागत किया गया। सभा में देश के कोने-कोने से आए हजारों कृष्ण भक्त, एडवोकेट और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

