सुदामा कुटी शताब्दी समारोह में शामिल हुए संत प्रेमानंद महाराज

WhatsApp Channel Join Now
सुदामा कुटी शताब्दी समारोह में शामिल हुए संत प्रेमानंद महाराज


विराजमान भगवान कौशल किशोर महाराज के दर्शन कर किया पूजन

मथुरा, 16 जनवरी(हि.स.)। वृंदावन यमुना तटवर्ती कुंभ मेला क्षेत्र में संत प्रेमानंद महाराज शुक्रवार को वृंदावन सुदामा कुटी के संस्थापक संत सुदामा दास जी महाराज के वृंदावन आगमन के सौ वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे शताब्दी महोत्सव में शामिल हुए। जहां उन्होंने भगवान कौशल किशोर के दर्शन किए और श्री राम महायज्ञ स्थल की परिक्रमा दी। संत प्रेमानंद यहां करीब आधा घंटे तक रहे। जहां उन्होंने श्रीमहंत सुतीक्ष्ण दास महाराज और महंत अमर दास महाराज से मुलाकात की। इसके बाद वह कुंभ मेला स्थल पर चल रहे उत्सव में पहुंचे। जहां उन्होंने श्री राम महायज्ञ स्थल की परिक्रमा की।

सुदामा कुटी आश्रम पहुंचे संत प्रेमानंद महाराज ने वहां विराजमान भगवान कौशल किशोर भगवान के दर्शन करने के बाद आरती की। भगवान कौशल किशोर के दर्शन कर संत प्रेमानंद महाराज भाव विभोर हो गए। श्रीमहंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने उनको उत्सव का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। संत प्रेमानंद महाराज के सुदामा कुटी आश्रम और कुंभ मेला स्थल पर चल रहे उत्सव में पहुंचने पर उनको देखने वालों की भीड़ लग गई। आश्रम और संत प्रेमानंद महाराज के सेवादार उनको भीड़ से निकालकर वापस केली कुंज आश्रम ले गए। संत प्रेमानंद महाराज इस दौरान करीब आधा घंटे तक उत्सव में रहे। शताब्दी महोत्सव में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में दस दिवसीय श्री राम महायज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें 108 कुंडीय महायज्ञ में भक्त पहुंच कर आहुति दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story