वृंदावन में संत प्रेमानंद ने दिए दर्शन, स्वास्थ्य काे लेकर अफवाहों पर लगा विराम
मथुरा, 21 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिन से संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर तमाम तरह की भ्रांतियों और अफवाहों पर आखिरकार विराम लग गया है। गुरुवार को वृंदावन में महाराज ने स्वयं भक्तों के बीच पहुंचकर उन्हें दर्शन दिए, जिसके बाद बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने खुशी जताई और राहत की सांस ली।
दरअसल, हाल ही में अचानक तबीयत खराब होने के कारण महाराज की दैनिक पदयात्रा और ‘एकांतिक दर्शन’ को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की भ्रामक खबरें वायरल होने लगी थीं। हालांकि, आश्रम प्रबंधन की ओर से लगातार यह स्पष्ट किया जा रहा था कि महाराज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वे चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में हैं। गुरुवार को भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए महाराज आश्रम से बाहर आए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग में कुछ दूरी तक सीमित पदयात्रा भी की। हालांकि, स्वास्थ्य कारणों के चलते वह हर रोज की तरह सौभरि वन नहीं गए, बल्कि कुछ दूर चलने के बाद वापस लौट आए।
जैसे ही महाराज के दर्शन की सूचना फैली, वृंदावन में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। साक्षात दर्शन पाकर भावुक हुए श्रद्धालुओं ने अन्य लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी तरह की मनगढ़ंत और झूठी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। आश्रम की ओर से भी भक्तों को आश्वस्त किया गया है कि महाराज अब पूरी तरह लाभान्वित हो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

