संस्कार व सहकार की भावना से काम करें महिलाएं : प्रतिभा शुक्ला
महिला सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों ने लगाए उत्पादों के स्टाल
लखनऊ, 01 नवंबर (हि.स.)। सहकार भारती उत्तर प्रदेश की ओर से रविवार को सहकारिता भवन सभागार में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारम्भ महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरूण सिंह ने भारत माता और लक्ष्मणराव इनामदार के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आईं महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान करीब 25 स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए।
महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि महिलाएं सहकार की भावना से काम करें। संस्कार के बिना सहकार नहीं हो सकता। बेटियों को उत्तम चरित्र की शिक्षा दें। वह सुरक्षित रहें व भ्रमित न हों। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। कोई काम छोटा नहीं होता, हर काम की शुरुआत छोटे स्तर से ही होती है स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। सहकार भारती इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
प्रतिभा शुक्ला ने कहा प्रदेश सरकार कुपोषण के खिलाफ कई योजनाएं चला रही है। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान योजना, बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और कौशल विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं। सहकार भारती को इन योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका यशोधरा ने कहा कि नारी परिवार से लेकर समाज, राष्ट्र और विश्व के कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ती है। महिलाओं को अपने अतीत से सीख लेकर वर्तमान और परिवार को संस्कारों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाश्चात्य प्रभाव के बजाय अपनी प्रकृति और संस्कृति को ध्यान में रखकर राष्ट्र को समर्थ बनाने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है।
सहकार भारती प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं का योगदान देश में कभी भी कमतर नहीं रहा है, अमूल्य डेयरी में 36 लाख, लिज्जत पापड़ में 45 हजार महिलाओं की सहभागिता है, इसके अलावा देश-दुनिया के हर क्षेत्र में महिलाएं परचम लहरा रहीं हैं। सहकार भारती अधिक से अधिक महिलाओं की समृद्धि के लिए समान अवसर उपलब्ध करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
प्रदेश महिला प्रमुख मीनाक्षी राय ने स्वागत भाषण में कहा कि सहकार भारती के माध्यम से महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं।
सम्मेलन में प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, मीडिया प्रभारी डा.सत्येन्द्र, सह मीडिया प्रभारी पदमाकर पाण्डेय पदम, प्रदेश प्रमुख एस0एच0जी0 प्रकोष्ठ करूणा नागर, प्रदेश सह महिला प्रमुख मधुमिता, प्रदेश सह महिला प्रमुख ज्योति चतुर्वेदी उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

