सहारनपुर में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार थार, आगरा के तीन दोस्तों की मौत
मसूरी जाते समय हुआ हादसा, दो युवक गंभीर रूप से घायल, परिवारों में पसरा मातम
लखनऊ, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रविवार को हुए सड़क हादसे में आगरा निवासी तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों दोस्त थार कार से मसूरी घूमने जा रहे थे। नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आगरा निवासी पांच दोस्त शनिवार देर शाम थार कार से उत्तराखंड के मसूरी के लिए रवाना हुए थे। रविवार को सहारनपुर के नागल क्षेत्र में पहुंचने पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में साहिल, राहुल और सक्षम की मौत हो गई, जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। नागल थाना प्रभारी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घायल सचिन वर्मा के अनुसार, पांचों दोस्त आगरा से मसूरी जा रहे थे। हादसे के वक्त वह कार में सो रहे थे और थार हेमंत चला रहा था। सचिन ने बताया कि जब उनकी आंख खुली तो वह सड़क पर पड़े थे और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नागल थाना क्षेत्र में तेज गति से जा रही थार डिवाइडर से टकरा गई। वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

