सहारनपुर में आकाश आनंद ने अखिलेश यादव काे कंफ्यूज नेता बताया, भाजपा काे भी घेरा

WhatsApp Channel Join Now
सहारनपुर में आकाश आनंद ने अखिलेश यादव काे कंफ्यूज नेता बताया, भाजपा काे भी घेरा


सहारनपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को जनपद के नकुड़ विधानसभा के सौराणा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)और कांग्रेस-समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला। उन्हाेंने जहां महंगाई, बेराेजगारी, पेपर लीक जैसे कई मुद्दाें पर भाजपा की सरकार काे घेरा ताे अखिलेश यादव काे कंफ्यूज नेता बताया।

सभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि हमारे प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होेने वाले हैं। इसी से जुड़े कुछ मुद्दे आपके सामने रखना चाहता हूं। उन्हाेंने कहा कि पिछले दस सालों से ज्यादा समय से भाजपा की सरकार उत्तर प्रदेश में आसीन है। इन सालों में इनका जो रिपोर्ट कार्ड है, वह सिर्फ विज्ञापन के लिए रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के टैक्स के सात हजार करोड़ रुपये झूठे विज्ञापनों और बैनरों पर खर्च किए, लेकिन झांसी की घटना में पीड़ितों को देने के लिए भाजपा के पास कुछ नहीं था। आकाश आनंद ने रोजगार, महंगाई शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरा।

इसके बाद उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि वह हर काम में बाबा साहेब की बात करते हैं, लेकिन उन्हें सम्मान नहीं दिया। आकाश ने यह आराेप लगाया है कि भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है वहां भाजपा सरकार की तर्ज पर काम हाे रहा है। दिल्ली में बीते दिनाें हुए आंदाेलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब जेन-जी आंदोलन कर रहे थे तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी राजनीति चमकाने के लिए आंदोलन में कूद पड़े। लेकिन जब उनकी सरकार वाली राज्य में आंदोलन हुए तो वे और उनके लाेग चुप्पी साध गए।

आकाश आनंद ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकाे तो यह समझ में नहीं आता कि वह किस डायरेक्शन में चलना चाहते हैं। हमें कंफ्यूज नेता लगते हैं। अखिलेश अंकल जी क्या हैं, यह जनता बोल सकती है, मैं नहीं। एक मामले में बहन जी ने ट्वीट कर कहा था कि हालात को देखते हुए जैसे गिरगिट रंग बदल लेता हैं, वैसे अखिलेश जी का जो पीडीए है वह भी व्यवस्था देखकर बदल जाता है। पीडीए का पी कभी पंडित हो जाता हैं, तो कभी पिछड़ा बन जाता है। यह तो इनका तरीका है, ये कभी अपने बात पर टिक नहीं पाते तो समाज को क्या डायरेक्शन देंगे।

उन्होेंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के पोते के लिए जो अखिलेश जी ने सार्वजनिक रुप से टिप्पणी की थी तो इसके लिए सपा के नेतृत्व के लोगों को यह कहना शोभा नहीं देता है। सपा को भूलना नहीं चाहिए चौधरी जी के परिवार का उन पर बहुत बड़ा एहसान है। पहली बार चौधरी चरण सिंह के बदौलत मुलायम सिंह जी मुख्यमंत्री बने थे। अखिलेश जी को अपने बयान को लेकर समाज से माफी मांगनी चाहिए।

उन्हाेंने कहा कि सपा सरकार ने पूर्व की बसपा सरकार में महापुरुषाें व संताें के नाम रखे गये कई जिलों, काॅलेज यूनिवर्सिटी के नाम बदले थे। सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज का नाम बदला था। यह लाेग उनके नाम से वोट मांगने चले जाते हैं, लेकिन उनके नाम पर रखे गये जिलों यूनिवर्सिटी और कॉलेज के नाम इन्हें बर्दाश्त नहीं है। आकाश आनंद ने कहा कि बसपा ने अपनी सरकार में कई योजनाएं चलाई थी, जिसमें लोगों को रोजगार, और पढ़ाई की व्यवस्था की थी। छह इंजीनियर कॉलेज समेत कई यूनिवर्सिटी बनायी थी।

आकाश ने आगे कहा कि ला एण्ड आर्डर की बात करें तो सपा की सरकार में मुजफ्फरनगर जिले में छेड़खानी के विवाद में इतना बड़ा दंगा हुआ, जिसमें 40 से ज्यादा लोगों मारे गये। इसी वजह से प्रदेश में कई जगह दंगे हुए ओर सैकड़ों जाने गई। ये उनका ला एण्ड आर्डर है। आज भी बहन जी के लाॅ एण्ड आर्डर को लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि जब बाबरी मस्जिद का निर्णय आया तो बहन मायावती ने अपनी सरकार में एक भी दंगा नहीं होने दिए। उस दिन सभी सरकारी स्कूल संस्थान और सरकारी संस्थाए सब खुली थी। बहन जी का लाॅ एंड आर्डर आज भी लोगों को याद आता है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771382 Articles

Share this story