सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता न हो, मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी : हरदीप सिंह गिल

WhatsApp Channel Join Now
सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता न हो, मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी : हरदीप सिंह गिल


कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सफाई कार्य बेहद महत्वपूर्ण होने के साथ जोखिमपूर्ण भी है। काम के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। यह बातें गुरुवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने कानपुर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।

सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में हरदीप सिंह गिल ने सफाई कर्मचारियों के हित, सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सफाई कार्य में लगे कार्मिकों के लिए लागू सुरक्षा प्रबंधों और शासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में दिशा राज्य स्तरीय समिति के सदस्य राजू वाल्मीकि, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, महाप्रबंधक जल संस्थान, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराने और उन्हें शासन से अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

मृतकों के परिजनों को दिए 30-30 लाख के चेक

बैठक के दौरान कल्याणपुर क्षेत्र स्थित गोवा गार्डन के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में काम करने के दौरान जान गंवाने वाले स्वर्गीय मोहम्मद आबिद और स्वर्गीय मोहम्मद जावेद के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई। मैन्युअल स्कैवेंजिंग अधिनियम-2013 के प्रावधानों के तहत दोनों परिवारों को 30-30 लाख रुपये के चेक और प्रमाण पत्र सौंपे गए।

आयोग के उपाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। इसके साथ ही पात्र परिवारों को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता और सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story